मुंबई। देवेंद्र फडणवीस आज सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद मीडिया से बात करेंगे। 7 बजे शपथ ग्रहण होगा जिसमें देवेंद्र फडणवीस सीएम पद की शपथ लेंगे। फडणवीस के साथ एकनाथ शिंदे भी शपथ लेंगे। दूसरे चरण में मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। फडणवीस सभी से सहमति एवं आम राय बनाकर मंत्रिमंडल बनाएंगे ताकि बाद में कोई नाराज न हो। विधानसभा सत्र में बहुमत साबित करने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।
इससे पहले गोवा से एकनाथ शिंदे मुंबई पहुंचे और उन्होंने देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की. इस दौरान प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे. इस मुलाकात के बाद फडणवीस और शिंदे सीधा राजभवन पहुंचे हैं. यहां राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात करेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.
देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार होगा जब सीएम पद की शपथ लेंगे. बता दें कि एकनाथ शिंदे की शिवसेना से बगावत के बाद महाराष्ट्र की महाविकास अघाड़ी (MVA) सरकार अल्पमत में आ गई थी. ऐसे में बुधवार को उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा. अब बीजेपी शिवसेना के बागियों के साथ मिलकर सरकार बनाने जा रही है.
बता दें कि 19 जून को एकनाथ शिंदे ने शिवसेना में बगावत कर दी थी और 39 विधायकों के साथ गुवाहाटी चले गए थे. बुधवार को उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बाद बागी विधायक गोवा पहुंचे. सभी गोवा के होटल में ठहरे हैं. वहीं सरकार गठन पर चर्चा के लिए शिंदे मुंबई में हैं.




