मुंबई। एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री होंगे। सभी तरह की अटकलों पर विराम लगाते हुए फडणवीस ने एक बड़ा ऐलान करते हुए एकनाथ शिंदे को राज्य का मुख्यमंत्री घोषित किया। इससे पहले खबर थी कि फडणवीस तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि, महाराष्ट्र के राजनीतिक संघर्ष के अंत में यह बड़ा ऐलान किया गया।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जनता ने महाविकास अघाड़ी को बहुमत नहीं दिया था। चुनाव के बाद बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी थी। बीजेपी-शिवसेना ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था, लेकिन शिवसेना ने कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बनाई. इस दौराना शिवसेना ने बाला साहेब ठाकरे के विचारों को भी ताक पर रख दिया।
इस दौरान फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि सरकार के दो-दो मंत्री जेल में हैं। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ। बालासाहेब ने हमेशा दाउद का विरोध किया, लेकिन उद्धव सरकार का एक मंत्री दाउद से जुड़ा हुआ है। जेल में जाने के बाद भी उसे मंत्री पद से हटाया नहीं गया। ये बाला साहेब का अपमान है।