लखनऊ। देश के कई हिस्सों में जहां मानसून मेहरबान है तो वहीं यूपी के कई हिस्सों में कम बारिश से सूखे के हालत बन गए हैं। इसपर सीएम योगी की पैनी नजर है। मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 16 अगस्त तक इस मानसून में 45% कम बारिश हुई है। यूपी के लिए सामान्य माने जाने वाले 488.9 मिमी की तुलना में, राज्य में 270.88 मिमी बारिश हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, 16 अगस्त तक पूर्वी यूपी में 47 फीसदी कम बारिश हुई जबकि पश्चिमी यूपी में 40 फीसदी कम बारिश हुई।
इन हालातों को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ एक बार फिर से प्रदेश में कम बारिश होने के कारण किसानों की समस्या सुलझाने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक करने जा रहे हैं। इससे पहले भी सीएम योगी ने प्रदेश के तकरीबन 15 जिलों में कम बोवाई को लेकर चिंता जताते हुए मानसून की समीक्षा की थी।
जुलाई के अंत में हुई एक समीक्षा बैठक में, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को बारिश में कमी से निपटने के लिए एक कार्य योजना तैयार करने और सभी जिलों में कृषि विज्ञान केंद्रों, कृषि विश्वविद्यालयों और कृषि वैज्ञानिकों के माध्यम से किसानों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया ताकि सही जानकारी दी जा सके।




