NationalTop News

PM मोदी आज गुजरात दौरे पर, 35 हजार करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात वडोदरा में कार्यक्रम ‘हाउसफुल’

अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह वडोदरा और नवसारी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पीएम मोदी राज्य को 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास शामिल है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर वडोदरा में लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री और गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्सुकता है।

एक घंटे में हाउसफुल हुआ कार्यक्रम

हर्ष सांघवी के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू होते ही महज एक घंटे के भीतर सभी सीटें बुक हो गईं। लोगों की भारी मांग को देखते हुए आयोजन की क्षमता बढ़ाई गई। उन्होंने बताया कि देर रात तक 42 हजार से ज्यादा लोग वेटिंग लिस्ट में थे। सांघवी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्यों को लेकर आयोजित यह कार्यक्रम अपने आप में खास है। बड़ी संख्या में युवाओं ने भी इसमें रजिस्ट्रेशन कराया है।

‘स्वच्छ भारत’ के जरिए होगा पीएम मोदी का स्वागत

हर्ष सांघवी ने बताया कि वडोदरा के शहर से लेकर गांवों तक लोगों ने प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए स्वच्छ भारत मिशन को केंद्र में रखा है। पिछले एक सप्ताह से नागरिकों ने अलग-अलग इलाकों में स्वच्छता अभियान चलाकर प्रधानमंत्री का स्वागत करने की तैयारी की है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल विकास परियोजनाओं को समर्पित नहीं है, बल्कि लोगों में प्रधानमंत्री को करीब से देखने और उनकी एक झलक पाने को लेकर भी खासा उत्साह है।

पीएम मोदी के स्वागत के लिए सजा वडोदरा

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए वडोदरा को खास अंदाज में सजाया गया है। शहर की सड़कों पर रंग-बिरंगी लाइटिंग, बड़े कटआउट और होर्डिंग्स लगाए गए हैं। वहीं, ऐतिहासिक इमारतों को भी विशेष रोशनी से सजाया गया है। खास बात यह है कि पहली बार किसी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए BookMyShow के जरिए मुफ्त डिजिटल रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के लिए लोगों की भारी प्रतिक्रिया को देखते हुए आयोजकों में भी खासा उत्साह है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH