Top NewsUttarakhand

उत्तराखंड के विकास के लिए शोध और नवाचार आधारित नीति पर जोर, CM धामी ने की USCPPGG बैठक की अध्यक्षता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में उत्तराखंड स्टेट सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस (USCPPGG) की शासी निकाय की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों, विकास की चुनौतियों और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नीति निर्माण पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नीतियों और योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए शोध, नवाचार और डेटा आधारित दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड की उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों पर केस स्टडी तैयार करने के निर्देश दिए।

छात्रों को कैपस्टोन परियोजनाओं के लिए मिलेगा स्टाइपेंड

बैठक में राज्य के प्रमुख विश्वविद्यालयों के प्रत्येक वर्ष 10 स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं को कैपस्टोन परियोजनाओं के लिए स्टाइपेंड देने पर सहमति बनी। इसके जरिए राज्य की प्राथमिकता वाले विषयों पर शोध और परियोजनाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के प्रशिक्षण और क्षमता विकास पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए ब्लॉक स्तर तक अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाना जरूरी है।

पर्वतीय क्षेत्रों में होम टूरिज्म को बढ़ावा देने का सुझाव

शासी निकाय के सदस्यों ने राज्य के दीर्घकालिक विकास को लेकर कई सुझाव दिए। इनमें हाई वैल्यू-लो वॉल्यूम उत्पादों को बढ़ावा देने, MSME क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने और पर्वतीय क्षेत्रों में होम टूरिज्म को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। सदस्यों का कहना था कि होम टूरिज्म के विस्तार से पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं।

विकसित उत्तराखंड-2047 की रणनीति पर चर्चा

बैठक में विकसित उत्तराखंड-2047 के लक्ष्य को लेकर भविष्य की विकास रणनीति पर भी चर्चा हुई। आर्थिक विकास एवं रोजगार, मानव संसाधन एवं कल्याण, वन एवं जैव विविधता, जलवायु अनुकूलन, अवस्थापना विकास, स्थानीय स्वशासन, क्षेत्रीय विकास और तकनीक आधारित सुशासन को प्रमुख क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया गया। राज्य की आर्थिक प्रगति के साथ पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन और सतत विकास के बीच संतुलन बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

SDG के क्षेत्र में उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में प्रथम

बैठक में USCPPGG और UNDP के सहयोग से सतत विकास लक्ष्यों (SDG) के स्थानीयकरण, मॉनिटरिंग और नीति मूल्यांकन के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि SDG के क्षेत्र में उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान पर है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘Uttarakhand at 25: A Himalayan State with Infinite Possibilities’ पुस्तक का विमोचन भी किया। पुस्तक में राज्य के गठन के बाद 25 वर्षों की विकास यात्रा को समाहित किया गया है। मुख्यमंत्री ने शासी निकाय के सदस्यों से मिले सुझावों का परीक्षण कर उपयोगी सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास को गति देने के लिए शोध, नवाचार, बेहतर नीति निर्माण, क्षमता विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर लगातार काम किया जाना चाहिए।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH