पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को जापान की आईची स्टील (Aichi Steel) और वर्धमान स्पेशल स्टील्स की साझेदारी से स्थापित होने वाली देश की पहली अत्याधुनिक फोर्जिंग और मशीनिंग यूनिट का शिलान्यास किया। करीब 1,116 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ 500 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में इस परियोजना के विस्तार के बाद करीब 2,000 अतिरिक्त रोजगार भी सृजित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआत में 500 करोड़ रुपये के निवेश की योजना थी, जिसे पंजाब के बेहतर औद्योगिक माहौल और निवेश-अनुकूल नीतियों को देखते हुए बढ़ाकर 1,116 करोड़ रुपये कर दिया गया।
ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए बनेगा हाई-टेक प्लांट
भगवंत मान ने कहा कि यह यूनिट भारत के साथ-साथ यूरोप, आसियान देशों, अफ्रीका और मेक्सिको के बाजारों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले ऑटोमोबाइल पार्ट्स का निर्माण करेगी। इससे पंजाब केवल विशेष स्टील उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वैल्यू-एडेड मैन्युफैक्चरिंग का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि जापान की आईची स्टील टोयोटा समूह की प्रमुख सप्लायर है और यह परियोजना पंजाब में अत्याधुनिक जापानी फोर्जिंग तकनीक लेकर आएगी।
जापान दौरे का मिला परिणाम
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2025 में जापान दौरे के दौरान नागोया में आईची स्टील के अधिकारियों से हुई बैठक के बाद इस परियोजना पर सहमति बनी थी। कुछ ही महीनों में इस समझौते को जमीन पर उतारना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और उद्योग-अनुकूल नीतियों का प्रमाण है।
45 दिनों में मिलेंगी सभी मंजूरियां
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार की नई ‘पंजाब इंडस्ट्रियल एंड ट्रेड डेवलपमेंट पॉलिसी-2026’ के तहत निवेशकों को ‘सिंगल विंडो-सिंगल पेन’ व्यवस्था का लाभ दिया जा रहा है। इसके जरिए अधिकतम 45 कार्यदिवसों के भीतर सभी आवश्यक मंजूरियां उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने बताया कि ‘फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल’ के माध्यम से निवेशक ऑनलाइन आवेदन, शुल्क भुगतान और मंजूरियों की स्थिति की निगरानी कर सकते हैं। पोर्टल पर 200 से अधिक व्यावसायिक सेवाएं और करीब 50 प्रमुख नियामकीय मंजूरियां उपलब्ध हैं।
1.78 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब अब तक 1.78 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित कर चुका है, जिससे लगभग 6 लाख रोजगार सृजित होने की संभावना है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की पारदर्शी और उद्योग-अनुकूल नीतियों के कारण कई बड़ी कंपनियां पंजाब में निवेश कर रही हैं। भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना है, ताकि युवाओं को बेहतर भविष्य मिले और वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रह सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस परियोजना को समय पर पूरा कराने के लिए हर संभव सहयोग देगी।




