श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह पहली बार 33 वर्षीय मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन को टीम इंडिया के टेस्ट स्क्वॉड में शामिल किया गया है। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें यह मौका मिला है। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू का अवसर मिलता है।
घरेलू क्रिकेट में लगातार किया शानदार प्रदर्शन
मध्य प्रदेश के इंदौर में 31 मार्च 1993 को जन्मे सारांश जैन ने पिछले दो घरेलू सीजन में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया है। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने सिर्फ 7 मैचों में 30 विकेट लिए और उनकी इकोनॉमी 2.64 रही। इससे पहले रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में भी उन्होंने 8 मुकाबलों में 35 विकेट अपने नाम किए थे। दलीप ट्रॉफी 2025 के फाइनल में सेंट्रल जोन की ओर से खेलते हुए उन्होंने साउथ जोन के खिलाफ 5 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं, ईरानी ट्रॉफी में भी वह रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ एक पारी में 6 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं।
श्रीलंका में पहले भी दिखा चुके हैं दम
हाल ही में सारांश जैन इंडिया ‘ए’ टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर गए थे। जुलाई 2026 में गॉल में खेले गए चार दिवसीय मैच में उन्होंने श्रीलंका ‘ए’ के खिलाफ नाबाद 70 रन बनाए और पूरे मैच में 6 विकेट भी झटके। स्पिन के अनुकूल श्रीलंकाई परिस्थितियों में उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका दिया है।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दमदार रिकॉर्ड
सारांश जैन का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड भी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 54 मैचों की 85 पारियों में 31.76 की औसत से 2,223 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। गेंदबाजी में उन्होंने 27.31 की औसत से 188 विकेट लिए हैं और 10 बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया है। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद अब सारांश जैन के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा।




