गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह घटना विजयनगर थाना क्षेत्र में आईपीईएम कॉलेज के पास एग्जिट प्वाइंट पर हुई। मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली से मेरठ की ओर जा रही मुख्य लेन पर एक थार गाड़ी खड़ी थी। गाड़ी से उतरकर दो युवक एक बाइक सवार से बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक टेंपो ट्रैवलर बस ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में एक थार सवार और बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतकों में दो की पहचान दीपक और प्रवीण के रूप में हुई है, जबकि तीसरे की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना सुबह करीब 6:10 बजे की बताई जा रही है। जिस टेंपो ट्रैवलर ने टक्कर मारी, वह दिल्ली से हरिद्वार जा रहा था और उसमें 26 महिलाएं सवार थीं। पुलिस ने चालक वीरेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि एक्सप्रेसवे पर वाहन खड़ा होना भी दुर्घटना का कारण बना या नहीं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है। गौरतलब है कि इसी एक्सप्रेसवे पर पिछले साल भी एक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई थी। तब मेरठ से दिल्ली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी, जिसमें सवार तीनों युवकों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था। पुलिस के अनुसार, उस हादसे में भी तेज गति मुख्य कारण थी।




