International

दोबारा कोरोना संक्रमित हुए जो बाइडेन, शुक्रवार को निगेटिव आई थी रिपोर्ट

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन एक बार फिर कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इससे पहले शुक्रवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उनका रविवार सुबह विलमिंगटन स्थित अपने घर जाने का भी कार्यक्रम था। अब वह अपने घर नहीं जाएंगे।

उनके कोरोना पॉजिटिव होने की खबर व्हाइट हाउस के फिजिशियन डॉ केविन ओ’कॉनर ने दी। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि 79 वर्षीय जो बाइडन शनिवार को एंटीजन टेस्टिंग के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति सख्त आइसोलेशन प्रक्रियाओं का पालन करना जारी रखेंगे। डॉक्टर के अनुसार यह रिबाउंड का केस है, जो काफी कम देखा गया है। अब बाइडेन कम से कम 5 दिनों तक आइसोलेशन में रहेंगे।

बाइडेन पिछले हफ्ते कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उस समय भी उन्हें वायरस के काफी मामूली लक्षण थे। पॉजिटिव होने के बाद वह आइसोलेशन में चले गए थे। इसके बाद भी वह लगातार व्हाइट हाउस के सदस्यों के साथ संपर्क में बने रहे और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठकों में हिस्सा ले रहे थे। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें बुखार आना भी बंद हो गया था। उनमें कोई लक्षण नहीं थे और ऑफिस में वापस लौट गए थे। लेकिन इसके बाद दोबारा वे कोरोना संक्रमित हो गए।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH