RegionalTop Newsमुख्य समाचार

फेसबुक प्रेमिका से शादी करने के चक्कर में पति ने करी पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

हरियाणाः  भिवानी जिले के गांव मनसरवास निवासी सीआरपीएफ के जवान ने दिल्ली की एक लड़की से प्रेम विवाह करने के चक्कर में 2 अक्तूबर को अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को कट्टे में डालकर घर से बाइक पर करीब 100 किलोमीटर दूर ले जाकर सोनीपत की नहर में फेंक दिया। लेकिन आरोपी दिनेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है। इस दौरान पुलिस दिनेश को साथ ले जाकर उसकी पत्नी अन्नू का शव नहर में तालाशेगी।

आरोपी दिनेश ने अपना जुर्म कुबूल करते हुए पुलिस को बताया कि उसने 2 अक्तूबर को पत्नी अन्नू की हत्या कर शब को नहर में फेंक दिया था। आरोपी ने हत्या करने के बाद थाने जाकर गुमशुदगी का मामला भी दर्ज कराया था, लेकिन कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस को दिनेश पर शक हुआ। इसके बाद आरोपी दिनेश से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने पत्नी की हत्या की बात कुबूल कर ली।

साथ ही उसने हत्या का कारण बताते हुए कहा कि वह पत्नी को छोड़कर दिल्ली स्थित अपनी प्रेमिका से विवाह करना चाहता था। दिनेश सात साल पहले सीआरपीएफ में भर्ती हुआ था। पांच साल से दिनेश जम्मू-कश्मीर में तैनात है। दिनेश की फेसबुक पर अन्नू से 2018 में दोस्ती हुई थी। जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली थी। लेकिन अब आरोपी दिनेश दूसरी लड़की से फेसबुक पर प्यार के चक्कर में पड़ गया था।

ऐसे की वारदात
आरोपी दिनेश ने पत्नी अन्नू की 2 अक्तूबर की रात को गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने शव को एक कट्टे में डाला और बाइक पर रखकर करीब 100 किलोमीटर दूर रात को ही सोनीपत जिले की एक नहर में फेंक दिया। इतना सब कर दिनेश ने अगले दिन पुलिस चौकी में शिकायत दी कि उसकी पत्नी बिना बताए घर से लापता हो गई है। पुलिस ने दिनेश की कॉल डिटेल निकाली तो वह संदेह के घेरे में आ गया। जांच अधिकारी मनीष ने बताया कि संदेह होने पर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो दिनेश ने अन्नू की हत्या का राज खोल दिया।

 

=>
=>
loading...