बेगूसराय। बिहार में शराब माफिया ने एक दरोगा और होमगार्ड जवान को कुचल दिया। इस खौफनाक वारदात में दारोगा की मौत हो गई जबकि एक होमगार्ड जवान बुरी तरह से जख्मी हो गया। पूरा मामला नावकोठी थाना क्षेत्र के छतौना पुल का है। शहीद दरोगा की पहचान नावकोथी थाना में पदस्थापित खमास चौधरी के रूप में की गई है। वहीं घायल सिपाही की पहचान होमगार्ड की जवान बालेश्वर यादव के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार बीती रात नावकोठी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक अल्टो कार से शराब की बड़ी खेप मंगाई जा रही है। जानकारी पर कार्रवाई के लिए रात की गश्ती गाड़ी को भेजा गया था। रात के 12:30 बजे के समय ऑल्टो कार को रोकने के लिए पुलिस की गश्ती गाड़ी छतौना बुढ़ी गंडक नदी पुल के पास लगाई गई। यहां दारोगा खामस चौधरी रोड पर खुद खड़े थे और अन्य 3 होमगार्ड जवान भी साथ थे।
इसी बीच पुलिस को ऑल्टो कार आती दिखी। इसको देख दारोगा खामस चौधरी उसे रोकने के लिए आगे बढ़े। लेकिन पुलिस की गाड़ी देख कार के ड्राइवर ने उल्टे अपनी स्पीड बढ़ा दी और दारोगा खामस चौधरी को रौंद दिया। इसके बाद दारोगा का सिर सड़क किनारे पत्थर से टकराया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। एक अन्य होम गार्ड जवान को भी चोट लगी है जिनका इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि शराब माफिया को पकड़ने के दौरान एएसआई खामस चौधरी शहीद हो गए। घटना के बाद बखरी डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया है जो ऑल्टो कार सवार को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने ऑल्टो कार मलिक को गिरफ्तार कर लिया था और उससे पूछताछ कर रही थी।




