City NewsRegionalTop News

महाराष्ट्र के सांगली में बच्चा चोर होने शक में भीड़ ने 4 साधुओं को बुरी तरह पीटा

मुंबई। बच्चा चोरी की अफवाह अब महाराष्ट्र पहुंच गई है। यहां के सांगली में बच्चा चोर होने के शक के चलते भीड़ ने चार साधुओं को बुरी तरह पीट दिया। बुलेरो कार में सवार साधुओं ने स्थानीय लोगों से रास्ता पूछ लिया था और लोगों ने उन्हें बच्चा चोर समझा। यह अफवाह तेजी से इलाके में फैल गई और मौके पर जुटी भारी भीड़ ने उन्हें बुरी तरह पीट डाला। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यूपी के रहने वाले 4 साधु सांगली जिले के लवांगा गांव में पहुंचे थे और उन्हें पंधरपुर जाना था।

वह सोमवार को एक मंदिर में रात्रि विश्राम के लिए रुक गए थे। मंगलवार को वह जब आगे की यात्रा पर निकले तो एक लड़के से रास्ता पूछ लिया था। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों को संदेह हुआ कि ये लोग बच्चा चोर गैंग के हैं। इस पर भीड़ जुट गई और साधुओं की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की तो पता चला कि वे बच्चा चोर नहीं बल्कि मथुरा के पंचदशनाम जूना अखाड़ा के साधु थे। सांगली के एसपी दीक्षित गेदाम ने कहा कि सांगली में ग्रामीणों द्वारा 4 साधुओं की पिटाई का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों को संदेह था कि वे बच्चा चुराने वाले गैंग के मेंबर हैं।

उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक हमें कोई शिकायत नहीं मिली है। लेकिन हमारी तरफ से वायरल वीडियोज और तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। हम इस केस में जरूरी कार्रवाई करेंगे।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH