Uncategorized

भारत ने किया एडवांस अग्नि मिसाइल का सफल परीक्षण, एक साथ कई टार्गेट्स को भेदने में सक्षम

भारत ने एडवांस अग्नि मिसाइल का सफल परीक्षण कर अपनी सामरिक ताकत को और मजबूत कर लिया है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने 8 मई 2026 को ओडिशा स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से MIRV यानी मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टार्गेटेड री-एंट्री व्हीकल तकनीक से लैस एडवांस अग्नि मिसाइल का सफल परीक्षण किया। इस कामयाबी के साथ भारत ने एक बार फिर साबित किया है कि वह एक ही मिसाइल से कई अलग-अलग लक्ष्यों को निशाना बनाने में सक्षम है।

मिसाइल ने कई पेलोड्स के जरिए अलग-अलग लक्ष्यों को सफलतापूर्वक भेदा। DRDO के मुताबिक, परीक्षण के दौरान मिसाइल से छोड़े गए पेलोड्स को हिंद महासागर क्षेत्र में मौजूद विभिन्न टार्गेट्स की ओर भेजा गया। मिसाइल की पूरी उड़ान पर ग्राउंड और शिप-बेस्ड ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए नजर रखी गई। लॉन्च से लेकर सभी पेलोड्स के अपने तय लक्ष्यों तक पहुंचने तक की पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक ट्रैक किया गया। इससे यह साबित हुआ कि यह मिसाइल एक साथ कई टार्गेट्स को तबाह करने की क्षमता रखती है, जिसे रोकना किसी भी एयर डिफेंस सिस्टम के लिए बेहद मुश्किल माना जा रहा है। फ्लाइट डेटा के विश्लेषण में मिशन के सभी उद्देश्यों के सफलतापूर्वक पूरे होने की पुष्टि हुई है।

यह एडवांस मिसाइल सिस्टम DRDO की विभिन्न प्रयोगशालाओं और देश की कई औद्योगिक इकाइयों के सहयोग से विकसित किया गया है। परीक्षण के दौरान DRDO के वरिष्ठ वैज्ञानिकों और भारतीय सेना के अधिकारी भी मौजूद रहे। परीक्षण की सफलता पर रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने DRDO, रक्षा उद्योग और भारतीय सेना को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारत की रक्षा तैयारियों को और मजबूत करेगी तथा बढ़ते सुरक्षा खतरों के बीच देश की सैन्य क्षमता में बड़ा इजाफा करेगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH