NationalTop News

बेंगलुरु से पीएम मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, DMK से ‘विश्वासघात’ का लगाया आरोप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु और कर्नाटक की राजनीति को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। तमिलनाडु में अभिनेता Vijay के शपथ ग्रहण के बाद बेंगलुरु में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस को “विश्वासघाती” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के लिए कांग्रेस ने अपने पुराने सहयोगी DMK को धोखा दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि करीब 25 से 30 वर्षों तक कांग्रेस और DMK के बीच मजबूत राजनीतिक संबंध रहे। उन्होंने कहा कि कई मौकों पर DMK ने कांग्रेस को राजनीतिक संकट से बाहर निकाला और 2014 से पहले केंद्र में 10 साल तक कांग्रेस की सरकार बने रहने में भी DMK की अहम भूमिका रही। इसके बावजूद राजनीतिक परिस्थितियां बदलते ही कांग्रेस ने अपने सहयोगी दल को छोड़ दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सत्ता के लालच में कांग्रेस ने पहला मौका मिलते ही DMK को “छुरा घोंपने” का काम किया। उन्होंने यह भी कहा कि अब कांग्रेस को राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहने के लिए नए सहयोगियों की तलाश करनी पड़ रही है। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय अपने आंतरिक विवादों में उलझी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं है कि मुख्यमंत्री कितने समय तक अपने पद पर बने रहेंगे।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने केरल कांग्रेस का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केरल में भी कांग्रेस अब तक नेतृत्व और संगठनात्मक मुद्दों पर किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने नेताओं से वादे करती है और बाद में उन्हें ही नजरअंदाज कर देती है। पीएम मोदी ने कहा कि इससे पहले छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी ऐसी स्थिति देखने को मिली थी और अब कर्नाटक के बाद केरल में भी वही हालात बन रहे हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH