SportsTop News

58 वर्षों का सूखा खत्म करने के इरादे से उतरेगा भारत, जानें कितने बजे से शुरू होगा मैच

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। इसकी शुरुआत बुधवार से होगी। इस टेस्ट में शुभमन गिल के पास इतिहास रचने का मौका है। दरअसल, इस मैदान पर अब तक भारतीय टीम फतह नहीं कर पाई है। टीम इंडिया ने इस मैदान पर सबसे पहला मैच 1967 में खेला था। चाहे विराट कोहली हों या धोनी या फिर द्रविड़ या फिर सौरव गांगुली, 58 साल में यहां किसी भारतीय कप्तान ने जीत हासिल नहीं की। हालांकि, गिल के पास अपना नाम इतिहास की किताबों में दर्ज कराने का मौका होगा। अगर वह 58 वर्षों का सूखा खत्म करने में कामयाब होते हैं तो बर्मिंघम के एजबेस्टन में जीत हासिल करने वाले पहले भारतीय कप्तान बनेंगे।

भारत ने 1967 में जब पहली बार एजबेस्ट में टेस्ट मैच खेला था तो मंसूर अली खान पटौदी कप्तान रहे थे। तब इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 132 रन से हराया था। इसके बाद 1974 में भारत ने इस मैदान पर दूसरी बार इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट खेला, तब अजीत वाडेकर कप्तान रहे थे। भारत को उस मुकाबले में भी पारी और 78 रन से हार का सामना करना पड़ा था। फिर 1979 में भारत ने एस वेंकटराघवन की कप्तानी में तीसरा मुकाबला खेला। उस टेस्ट में इंग्लिश टीम ने भारतीय टीम को पारी और 83 रन से शिकस्त दी थी। 1986 में टीम इंडिया ने एजबेस्टन में कपिल देव की कप्तानी में टेस्ट खेला। यह मैच ड्रॉ रहा था और रिकॉर्ड के हिसाब से कपिल एजबेस्टन में टेस्ट ड्रॉ कराने वाले पहले भारतीय कप्तान हैं। आंकड़ों के हिसाब से वह एजबेस्टन में सबसे सफल भारतीय कप्तान भी हैं।

इसके बाद टीम इंडिया 10 साल तक एजबेस्टन के मैदान से दूर रही। फिर 1996 में मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी में टीम इंडिया इस मैदान पर टेस्ट मैच खेलने उतरी। उस मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को आठ विकेट से हराया था। 2011 में जब महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने एजबेस्टन में टेस्ट खेला तो इंग्लैंड ने पारी और 242 रन से जीत दर्ज की। 2018 में विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने एजबेस्टन में टेस्ट खेला और 31 रन से भारतीय टीम को हार मिली। 2021-22 में भारत के इंग्लैंड दौरे पर चार टेस्ट भारतीय टीम ने विराट कोहली की कप्तानी में खेले, लेकिन पांचवां टेस्ट कोरोना की वजह से स्थगित हो गया था। इसे 2022 में अगस्त में खेला गया था। तब तक कोहली कप्तानी से हट चुके थे। ऐसे में जसप्रीत बुमराह ने टीम इंडिया की कप्तानी की और भारत यह टेस्ट सात विकेट से हार गया। इस मुकाबले से पहले तक भारत 2-1 से सीरीज में आगे थे। अगर मैच तभी हुआ होता तो कोहली के पास भी इतिहास रचने का मौका था। हालांकि, ऐसा नहीं हो सका।

भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच बुधवार, दो जुलाई, दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी दोपहर 3:00 बजे होगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH