मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने रविवार को सऊदी अरब का दौरा कर वहां के शीर्ष नेताओं से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
डोभाल Riyadh पहुंचे, जहां उनका स्वागत भारत के राजदूत सुहेल खान और सऊदी अरब के उप मंत्री सऊद अल-साती ने किया। इसके बाद उन्होंने सऊदी विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान, ऊर्जा मंत्री अब्दुलअज़ीज़ बिन सलमान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मुसैद अल ऐबन से अलग-अलग बैठकें कीं। भारतीय दूतावास के अनुसार, इन बैठकों में पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात, क्षेत्रीय सुरक्षा और आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही भारत और सऊदी अरब के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर भी विचार किया गया।
यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब क्षेत्र में तनाव के बीच कूटनीतिक प्रयास तेज हैं। हाल ही में पाकिस्तान में अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत का पहला दौर बिना किसी ठोस नतीजे के समाप्त हो गया था। ऐसे में भारत खाड़ी देशों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है। भारत की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के साथ-साथ खाड़ी देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और द्विपक्षीय सहयोग को नई मजबूती देना है।




