विमानन कंपनियों की लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वडोदरा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान से पहले अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विमान में सवार करीब 160 यात्रियों को लगभग आधे घंटे तक अंधेरे और बिना एसी के भीषण गर्मी में बैठना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 657 को रात 8:40 बजे वडोदरा से दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी। टेकऑफ से पहले विमान को ग्राउंड पावर यूनिट (GPU) के जरिए बिजली सप्लाई दी जा रही थी, लेकिन इसी दौरान यूनिट में खराबी आ गई और विमान की बिजली पूरी तरह बंद हो गई। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, GPU में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने में इंजीनियरों को करीब 12 से 15 मिनट का समय लगा। हालांकि, बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू होने में कुल लगभग 30 मिनट लग गए। इस दौरान विमान के केबिन में पूरी तरह अंधेरा छाया रहा और एयर कंडीशनिंग सिस्टम भी बंद हो गया। गर्मी और उमस के कारण यात्री परेशान हो गए और कई लोग पसीने से तरबतर नजर आए।
1 घंटे 20 मिनट की देरी से रवाना हुई फ्लाइट
अब तक इंडिगो की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार के मुताबिक, यह फ्लाइट निर्धारित समय से करीब 1 घंटा 20 मिनट की देरी से रात 10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई।




