लखनऊ। ज्येष्ठ माह के तीसरी बड़े मंगल पर हजरतगंज स्थित तेजकुमार प्लाजा में भंडारे का आज आयोजन किया गया है। यह भंडारा अल्टीमेड मल्टी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से आयोजित किया गया है। इसके आयोजक पुष्पेंद्र गौतम एवं देवेंद्र सिंह है।
पुष्पेंद्र गौतम ने बताया कि त्रिलोकीनाथ रोड हजरतगंज स्थित तेजकुमार प्लाजा में 19 माई को आयोजित होने वाला हनुमान जी का यह भंडारा प्रातः 11:00 बजे से शुरू होकर प्रभु इच्छा तक चलेगा।
श्री गौतम ने बताया कि लखनऊ में बड़ा मंगल केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नवाबी शहर की सामाजिक एकता, सेवा और श्रद्धा का अनूठा प्रतीक माना जाता है। ज्येष्ठ माह के प्रत्येक मंगलवार को मनाया जाने वाला यह पर्व विशेष रूप से हनुमान जी की आराधना को समर्पित होता है। राजधानी लखनऊ में बड़े मंगल की परंपरा सदियों पुरानी है और इसे यहां की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा माना जाता है। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल पर सुबह से ही शहर के प्रमुख अलीगंज हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु मंदिर और अन्य हनुमान मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलती हैं। श्रद्धालु बजरंगबली को सिंदूर, चमेली का तेल, लड्डू और तुलसी अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
लखनऊ में बड़े मंगल की परंपरा का संबंध नवाबी काल से माना जाता है। कहा जाता है कि एक नवाब की बेगम की मनोकामना पूर्ण होने के बाद हनुमान मंदिर का निर्माण कराया गया, जिसके बाद यह परंपरा व्यापक रूप से शुरू हुई। समय के साथ यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया। बड़े मंगल के अवसर पर शहर में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन विशेष तैयारियां करता है। प्रमुख मंदिरों और मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया जाता है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
लखनऊ का बड़ा मंगल धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक सहयोग और मानवीय सेवा का संदेश देता है। यही कारण है कि यह पर्व हर वर्ष लाखों लोगों की आस्था का केंद्र बनकर शहर की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखता है। 19 मई को होने वाला बड़ा मंगल पुरुषोत्तम मास में है, इस लिए इसका विशेष महत्व है।





