ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अटकलों का दौर तेज हो गया है। अमेरिका-इजरायल के साथ चल रहे तनाव के बीच वह अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं, जिससे उनकी हालत को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 28 फरवरी 2026 को हुए एक बड़े हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की मौत हो गई थी। इसी हमले में मोजतबा खामेनेई के गंभीर रूप से घायल होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दो महीने बाद भी उनका इलाज जारी है और वह पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो पाए हैं।
सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि मोजतबा के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। उनकी एक टांग की कई बार सर्जरी हो चुकी है और उन्हें कृत्रिम पैर (प्रोस्थेटिक) की जरूरत पड़ सकती है। इसके अलावा हाथ और लीवर को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। वहीं, चेहरे और होंठ झुलसने की वजह से उन्हें बोलने में भी दिक्कत हो रही है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सुरक्षा कारणों से उनकी लोकेशन पूरी तरह गुप्त रखी जा रही है। वह बेहद सीमित लोगों से ही मिल रहे हैं और ज्यादातर समय मेडिकल टीम की निगरानी में रहते हैं। यहां तक कि ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारी भी उनसे दूरी बनाए हुए हैं, ताकि उनकी लोकेशन लीक न हो सके।
संपर्क का तरीका भी बदला
बताया जा रहा है कि मोजतबा खामेनेई से सीधा संपर्क लगभग असंभव है। उनसे संवाद का तरीका भी पूरी तरह गोपनीय बना दिया गया है। संदेश बंद लिफाफों में भेजे जाते हैं और जवाब भी उसी तरीके से दिया जाता है।
गौरतलब है कि सुप्रीम लीडर का पद संभालने के बाद से मोजतबा खामेनेई ने अब तक कोई सार्वजनिक ऑडियो या वीडियो संदेश जारी नहीं किया है। वह जनता से केवल लिखित संदेशों के जरिए ही संवाद कर रहे हैं।
हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार सामने आ रही खबरों ने ईरान की सियासत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।




