Sports

ईशान किशन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से नाम वापस लिया, व्यक्तिगत कारणों का दिया हवाला

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से नाम वापस ले लिया है। इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने उन्हें टेस्ट श्रृंखला से फ्री कर दिया है। उनकी जगह केएस भरत को रिप्लेसमेंट बनाया गया है। दरअसल, भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों साउथ अफ्रीका दौरे पर है, जहां सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में तीन मैच की टी-20 सीरीज 1-1 से ड्रॉ होने के बाद अब केएल राहुल की अगुवाई में वनडे सीरीज खेली जा रही है। इसके बाद 26 दिसंबर से दो मैच की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।

ईशान किशन का इस तरह टीम का साथ छोड़कर साउथ अफ्रीका न जाने के पीछे की वजहों का पता नहीं लग पाया है हालांकि उन्होंने भारतीय क्रिकेट बोर्ड को अपने इस फैसले के पीछे व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। इससे पहले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी खराब फिटनेस के चलते टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए। टी-20 और वनडे सीरीज में आराम करने वाले कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली टेस्ट श्रृंखला से वापसी कर रहे हैं।

टेस्ट सीरीज से पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज खेली जा रही है। इसका पहला मैच रविवार (17 दिसंबर) को हो गया है जबकि दूसरा मैच 19 और फिर तीसरा वनडे मैच 21 दिसंबर को खेला जाएगा। इसके बाद 26 दिसंबर से पहला टेस्ट मैच सेंचुरियन में होगा जबकि दूसरा टेस्ट मैच 3 जनवरी से केपटाउन में खेला जाएगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH