पंजाब में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का बड़ा खुलासा हुआ है। पंजाब पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके पास से चार हथगोले बरामद किए हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के मुताबिक, अमृतसर और मोहाली के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल और काउंटर इंटेलिजेंस विंग के संयुक्त अभियान में दो विदेशी पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद भी जब्त किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी आकाओं के निर्देश पर काम कर रहा था और चंडीगढ़ में हाल ही में हुए ग्रेनेड हमले से जुड़े मॉड्यूल के संपर्क में था। इस मामले में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इसी के साथ अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बॉर्डर पार से गैर-कानूनी हथियारों की तस्करी करने वाले एक और मॉड्यूल का भी भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से छह एडवांस पिस्टल बरामद की गई हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। वे हथियारों की खेप लेकर पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे। इस मामले में अमृतसर कैंट थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे की जांच जारी है।




