IIT दिल्ली के 24 वर्षीय ग्रेजुएट चिराग मदान ने 17 लाख रुपये सालाना पैकेज वाली कॉर्पोरेट बैंकिंग नौकरी छोड़ दी। उन्होंने यह कदम टॉक्सिक वर्क कल्चर, लंबी कार्य अवधि और मानसिक दबाव के चलते उठाया। इस फैसले को लेकर उनका इंस्टाग्राम वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।चिराग ने @yourbankerchirag हैंडल से शेयर किए गए वीडियो में बताया कि उनकी जॉब 9 से 5 के बजाय 9 से 7 बजे तक चलती थी और सप्ताह में छह दिन काम करना पड़ता था। उन्हें सिर्फ 10-15 मिनट का लंच ब्रेक मिलता था, जिसमें आराम से खाना भी संभव नहीं था।
उन्होंने यह भी बताया कि बीमार होने पर उन्हें आसानी से छुट्टी नहीं मिलती थी और छुट्टी लेने के लिए लंबा स्पष्टीकरण देना पड़ता था। इसके अलावा 10 करोड़ रुपये तक के डील क्लोज करने जैसे आक्रामक टारगेट दिए जाते थे, जिससे काम का दबाव काफी बढ़ गया था। चिराग ने इसे लगभग 70 घंटे के वर्क वीक और मानसिक स्वास्थ्य पर असर डालने वाला बताया।
उन्होंने कहा कि नौकरी छोड़ने का फैसला अचानक नहीं था, बल्कि लगातार बढ़ते प्रेशर का परिणाम था। IIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से पढ़ाई करने के बावजूद उन्होंने ज्यादा सैलरी के बजाय अपनी मानसिक सेहत को प्राथमिकता दी। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उनके फैसले का समर्थन किया। एक यूजर ने लिखा कि उसने भी कम उम्र में बैंक की नौकरी छोड़ दी थी और अब दूसरे रोल में काम कर रहा है, जहां माहौल बेहतर है। वहीं, दूसरे यूजर ने बैंकिंग सेक्टर में बढ़ती मिस-सेलिंग और कर्मचारियों पर बढ़ते दबाव को लेकर चिंता जताई।
<a href=”https://www.instagram.com/yourbankerchirag/?utm_source=ig_embed&ig_rid=2e11f30e-109b-4c84-a86d-3e2f9d5a084d” target=”_blank”>https://www.instagram.com/yourbankerchirag/?utm_source=ig_embed&ig_rid=2e11f30e-109b-4c84-a86d-3e2f9d5a084d</a>




