नई दिल्ली। रूस में इस्लामिक स्टेट से जुड़े एक आतंकी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने भारत में बीजेपी के किसी बड़े नेता को सुसाइड अटैक में मारने की योजना बनाई थी। सोमवार को रूस की फेडरेल सिक्योरिटी सर्विस ने उसे पकड़ने की जानकारी दी। रूसी सिक्योरिटी एजेंसी ने आंतकी संगठन इस्लामिक स्टेट से जुड़े हुए एक आतंकी की पहचान की। उसके बाद एफएसबी ने उसे हिरासत में ले लिया है। फेडरल सिक्योरिटी सर्विस ने मध्य एशियाई देश के एक मूल निवासी के रूप में उसकी पहचान की है।
एजेंसी के मुताबिक आतंकी ने अपनी ट्रेनिंग अप्रैल से जून तक तुर्की में की थी। वह टेलीग्राम के ज़रिये आईएस से जुड़ा था। उसे आईएस के एक नेता ने सुसाइड बॉम्बर के तौर पर भर्ती किया था। इसके बाद आतंकी ने आईएस के प्रति निष्ठा की शपथ ली थी। रूस की सरकारी एजेंसी के मुताबिक, आतंकी संगठन ने उसे जरूरी कागजातों के साथ रूस भेजा था और उसके बाद यहां से भारत भेजने की व्यवस्था की थी, जहां उसे सत्ताधारी दल के किसी बड़े नेता के ऊपर हमला करने का काम दिया गया था। आतंकी ने किस भारतीय नेता को उड़ाने की साजिश की थी इसका फ़िलहाल कोई खुलासा नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि पहले ही खुफिया एजेंसियों ने पंजाब में आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया था, जिसमें बताया गया था कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने पंजाब को दहलाने की साजिश रची है। अलर्ट के मुताबिक आतंकी चंडीगढ़ और मोहाली में आतंकी हमला कर सकते हैं और बस स्टैंड को निशाना बना सकते हैं।




