जम्मू-कश्मीरः माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ की वजह से 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। वहीं 13 लोगों के घायल होने की खबर आ रही है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 2.15 बजे भवन के गेट नंबर-3 पर भगदड़ मच गई। जिसकी वजह से ये दर्दनाक हादसा घटित हो गया। श्राइन बोर्ड के अधिकारियों, पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। अभी हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। वहीं भगदड़ का मामला सामान्य होने के बाद वैष्णो देवी की यात्रा दोबारा शुरू कर दी गई है।
घायलों को नारायण अस्पताल ले जाया गया
डॉ. गोपाल ने बताया कि घायलों को नारायण अस्पताल ले जाया जा रहा है। उनका उपचार चल रहा है। हताहतों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लोग शामिल हैं।
तीन सदस्यों की टीम करेगी हादसे की जांच: श्राइन बोर्ड
श्राइन बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि, हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौत हुई और 15 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। सरकार ने तीन सदस्यों की टीम को उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं, जिसकी अध्यक्षता प्रिंसिपल सेक्रेटरी होम करेंगे और उनके अलावा एडीजीपी जम्मू जोन और डिविजनल कमिश्नर जम्मू इसके सदस्य होंगे।
डीजीपी ने बताया 12 लोगों की हुई मौत 13 घायल
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि कटरा के माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में 12 लोगों की मौत हो गई है और 13 घायल हैं। घटना लगभग 2:45 बजे हुई, और प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार किसी बात पर कहासुनी के बाद भगदड़ मच गई जिसके परिणामस्वरूप लोगों ने एक-दूसरे को धक्का दिया।
केंद्रीय मंत्री जीतेंद्र सिंह हुए कटड़ा के लिए रवाना
केंद्रीय मंत्री जीतेंद्र सिंह ने बताया कि वह कटड़ा के लिए रवाना हो चुके हैं। प्रधानमंत्री लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और घायलों को सभी संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दे दिए हैं।
प्रधानमंत्री स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं- नित्यानंद राय
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। 13 घायलों को नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
राष्ट्रपति ने व्यक्त किया शोक
वैष्णो देवी में हुए हादसे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, वैष्णो देवी भवन में हुई भगदड़ में लोगों की जान जाने की खबर से बेहद आहत हूं। मैं दिल से मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्रता से ठीक होने की कामना करता हूं।
एलजी ने मृतकों के परिजनों के लिए 10 लाख के मुआवजे का एलान
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने भी माता वैष्णो देवी पर हुई भगदड़ को लेकर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि संवेदना और प्रार्थना मृतकरों और घायलों के परिवार के साथ है। मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से बात की है। उन्हें हालात के बारे में पूरी जानकारी दी है। प्रधानमंत्री ने हर तरह की मदद का आश्वासन दिया है। सभी मृतकों के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा और सभी घायलों को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। घायलों के इलाज का खर्च श्राइन बोर्ड वहन करेगा।
अस्पताल प्रशासन से मिली मृतकों की सूची
धीरज कुमार (25) नोशेरा राजोरी जम्मू-कश्मीर
स्वेता सिंह (35) पत्नी विक्रम सिंह गाजियाबाद
धरमवीर सिंह साला पुर सहारनपुर यूपी
विनीत कुमार पुत्र वहीरपार सिंह सहारनपुर यूपी
डा. अर्जुन प्रताप सिंह पत्र सतप्रकाश सिंह गोरखपुर यूपी
विनय कुमार (24) महेश चंद्र बदरपुर दिल्ली
सोनू पांडे पुत्र नरेंद्र पांडे बदरपुर दिल्ली
ममता पत्नी सुरेंद्र बीरी झांझर हरियाणा
चार लोगों की अभी पहचान नहीं
एलजी ने जारी किए कई हेल्पलाइन नंबर
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लोगों की मदद के लिए कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं-
वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के हेल्पलाइन नंबरः
01991-234804
01991-234053