उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत प्रदेशभर के उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। अब 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर 979.50 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 950.50 रुपये थी।
तेल कंपनियों ने नई दरें शुक्रवार से लागू कर दी हैं। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे आम लोगों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ने की आशंका है।
इससे पहले 1 जून 2026 को कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में भी 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। अब घरेलू सिलेंडर महंगा होने से रसोई का खर्च और बढ़ गया है।
लखनऊ की गैस एजेंसियों पर सुबह से ही नई कीमतों पर सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी शुरू हो गई। कई उपभोक्ताओं ने कीमत बढ़ने पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि पहले से ही बढ़ती महंगाई के बीच रसोई गैस महंगी होना आम परिवारों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला है।
तेल कंपनियों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और LPG की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण समय-समय पर घरेलू गैस की कीमतों में संशोधन किया जाता है। हालांकि सरकार कुछ उपभोक्ताओं को सब्सिडी देती है, लेकिन गैर-सब्सिडी वाले उपभोक्ताओं पर इसका पूरा असर पड़ता है।




