लखनऊ। योगी सरकार लखनऊ और कानपुर के पुलिस कमिश्नर को उनके पद से हटा दिया है। अब लखनऊ में डीके ठाकुर की जगह एसबी शिरोडकर नए पुलिस कमिश्नर होंगे। वहीं कानपुर में विजय कुमार मीणा को हटाकर एडीजी पुलिस मुख्यालय रहे बीपी जोगदंड को चार्ज सौंपा गया है।
सोमवार सुबह योगी सरकार ने 7 सीनियर आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। लखनऊ पुलिस कमिश्नर रहे डीके ठाकुर और कानपुर के पुलिस कमिश्नर रहे विजय कुमार मीणा को एडीजी मुख्यालय बनाते हुए वेटिंग में डाल दिया गया है। इसके अलावा डीजी होमगार्ड्स रहे विजय कुमार को डीजी सीबीसीआईडी बनाया गया है। वहीं डीजी सीबीसीआईडी रहे गोपाल लाल मीणा को डीजी कोऑपरेटिव सेल का चार्ज दिया गया है।
इसके अलावा डीजी लॉजिस्टक रहे विजय कुमार मौर्य को डीजी होमगार्ड्स के साथ ही डीजी लॉजिस्टक का चार्ज दिया गया है। कानपुर और लखनऊ पुलिस कमिश्नर को हटाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्राइम कंट्रोल न कर पा रहे बड़े अफसरों को कड़ा संदेश दिया है। हाल के दिनों में कानपुर में क्राइम का ग्राफ तेजी से बढ़ा था।




