Top NewsUttar Pradesh

रुपये डबल करने का झांसा, मौलाना ने किसान से ठगे 1.80 करोड़; नोटों की गड्डियों संग तंत्र क्रिया का वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में तंत्र विद्या के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक कथित तांत्रिक ने किसान युवक को रुपये दोगुने करने का लालच देकर करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित का दावा है कि आरोपी ने उसका विश्वास जीतने के लिए पहले छोटी रकम दोगुनी कर वापस की, जिसके बाद वह उसके झांसे में आ गया।

मामला अमरोहा के गजरौला क्षेत्र का है। थाना बछरायूं के गांव सरकड़ा कलां निवासी किसान आकाश चौधरी ने गजरौला निवासी जाने आलम पर तंत्र क्रिया के जरिए रकम कई गुना बढ़ाने का झांसा देकर ठगी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, दोनों की मुलाकात एक मेडिकल स्टोर पर हुई थी, जहां आरोपी ने तंत्र विद्या से पैसे दोगुने करने का दावा किया था।

आकाश का कहना है कि शुरुआत में उसने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए थे, जिसके बदले उसे 20 हजार रुपये वापस मिले। इससे उसका भरोसा बढ़ गया और धीरे-धीरे उसने बड़ी रकम देना शुरू कर दिया। आरोप है कि बाद में उसने अपनी जमीन तक बेच दी और मिलने वाली रकम आरोपी को सौंपता रहा। कैश और ऑनलाइन माध्यम से कुल करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये आरोपी तक पहुंच गए। जब लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिली तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने गजरौला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तांत्रिक नोटों की गड्डियों के सामने दीपक जलाकर तंत्र-मंत्र करता दिखाई दे रहा है। पीड़ित का दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रही नकदी उसी की है और यह रिकॉर्डिंग उसके सामने ही बनाई गई थी। उसका कहना है कि आरोपी तंत्र विद्या के नाम पर लोगों को प्रभावित करने के लिए इस तरह का नाटक करता था। पीड़ित के मुताबिक, ठगी का शिकार होने के बाद उसकी जमा पूंजी और जमीन दोनों चली गईं। अब वह न्याय की उम्मीद में पुलिस कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH