National

असम के जोरहाट एयरबेस पर बड़ा हादसा, लैंडिंग के दौरान वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश

असम के जोरहाट स्थित भारतीय वायुसेना स्टेशन पर शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। लैंडिंग के दौरान वायुसेना का AN-32 मालवाहक विमान क्रैश हो गया। हादसे के बाद एयरबेस परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान में आग लग गई और पायलट के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह सैन्य विमान नियमित उड़ान पर था और एयरबेस पर उतरने की प्रक्रिया में था। इसी दौरान अचानक विमान में धमाका हुआ और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं।

फिलहाल विमान में सवार क्रू मेंबर्स और अन्य कर्मियों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। भारतीय वायुसेना ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

AN-32 विमान भारतीय वायुसेना के प्रमुख मालवाहक विमानों में शामिल है, जिसका इस्तेमाल रसद और सैन्य सामान की ढुलाई के लिए किया जाता है। यह विमान कठिन मौसम और ऊंचाई वाले इलाकों में ऑपरेशन के लिए खास तौर पर जाना जाता है।

जानकारी के मुताबिक भारतीय वायुसेना के पास इस समय करीब 100 AN-32 विमान सक्रिय सेवा में हैं। पिछले कई दशकों से यह विमान वायुसेना की ट्रांसपोर्ट क्षमता की अहम कड़ी बना हुआ है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH