Top NewsUttar Pradesh

बाराबंकी में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा में चूक, रिवाल्वर लेकर मंच तक पहुंचा युवक

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में भीम आर्मी प्रमुख और सांसद Chandrashekhar Azad की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। एक कार्यक्रम के दौरान एक युवक रिवाल्वर लेकर उनके मंच तक पहुंच गया। हालांकि मौके पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़कर मंच से नीचे उतार दिया।

घटना के बाद मंच के पास काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। युवक और कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी भी हुई। युवक ने अपना नाम अमित कुमार बताया और दावा किया कि वह पुलिस लाइन में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। इसके बावजूद सादे कपड़ों में रिवाल्वर के साथ मंच तक पहुंचने को लेकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है। बाराबंकी के बडेल मैदान में बाबा साहब और कांशीराम की जयंती तथा पार्टी के छठे स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चंद्रशेखर आजाद पहुंचे थे। कार्यक्रम से पहले ही पुलिस और प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया था, फिर भी युवक रिवाल्वर लेकर मंच तक पहुंच गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है कि वह किस उद्देश्य से हथियार लेकर मंच तक पहुंचा।

इस दौरान मंच से संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के दौरान उनकी गाड़ी पर कुछ लोगों ने पत्थर और ईंट के टुकड़े फेंके। उन्होंने इस घटना की जानकारी प्रशासन को भी दी। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वे संघर्ष करने वाले लोग हैं और किसी भी तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH