NationalTop News

हौज खास में भीषण आग: रिटायर्ड IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत, AC ब्लास्ट की आशंका

दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके हौज खास में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मकान नंबर R-15 में लगी भीषण आग में वरिष्ठ रिटायर्ड IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह AC के इंडोर यूनिट में हुए धमाके को माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक 80 वर्षीय धनेंद्र कुमार अपने परिवार और घरेलू सहायकों के साथ घर में रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद धनेंद्र कुमार को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उनके बेटे का अस्पताल में इलाज जारी है। हौजखास थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और तकनीकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पड़ोसी ने लगाए देरी के आरोप

घटना के बाद पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने दमकल विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि आग लगने के करीब 20 से 25 मिनट बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। उन्होंने दावा किया कि दमकल कर्मियों ने गली संकरी होने और लोकेशन न मिलने की बात कही, जबकि इलाके में आसानी से पहुंचा जा सकता था। महिला ने कहा कि इतने वरिष्ठ अधिकारी के घर मदद पहुंचने में अगर इतना वक्त लग सकता है, तो आम लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

लंबा और प्रभावशाली प्रशासनिक करियर

धनेंद्र कुमार देश की नौकरशाही और आर्थिक नीतियों में अहम भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ अधिकारियों में गिने जाते थे। वर्ष 1946 में जन्मे धनेंद्र कुमार 1968 बैच के IAS अधिकारी थे। उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। बाद में प्रतिस्पर्धा कानून और आर्थिक सुधारों से जुड़े कई बड़े फैसलों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

क्यों फट रहे हैं AC?

विशेषज्ञों के अनुसार AC में खराब वायरिंग, शॉर्ट सर्किट, ओवरलोडिंग और पावर सर्ज जैसी समस्याएं आग और ब्लास्ट का कारण बन सकती हैं। इसके अलावा गलत या सस्ती गैस भरने, गैस लीकेज और लंबे समय तक सर्विस न कराने से भी खतरा बढ़ जाता है। गंदे फिल्टर, ब्लॉक्ड कॉइल्स और जाम ड्रेनेज सिस्टम मशीन पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं, जिससे ओवरहीटिंग हो सकती है।

ऐसे रखें खुद को सुरक्षित

  • हर सीजन से पहले AC की सर्विस जरूर कराएं।
  • अच्छी क्वालिटी की वायरिंग और अलग पावर लाइन का इस्तेमाल करें।
  • एक्सटेंशन बोर्ड से AC चलाने से बचें।
  • AC को लगातार कई घंटों तक बिना ब्रेक न चलाएं।
  • गैस लीकेज, बदबू, आवाज या कूलिंग कम होने पर तुरंत जांच कराएं।
  • फिल्टर और वेंट्स की नियमित सफाई करें।
=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH