एशिया के सबसे रईस शख्स मुकेश अंबानी ने नया मुकाम हासिल किया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के मालिक मुकेश अंबानी ने टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एलन मस्क और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस के साथ कम से कम 100 अरब डॉलर की संपत्ति वाले वेल्थ क्लब में अपनी जगह बना ली है।
इतनी है अंबानी की संपत्ति
अंबानी इस सूची में 11वें स्थान पर हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) के अनुसार, इस साल मुकेश अंबानी की संपत्ति में 23.8 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब उनकी नेटवर्थ बढ़कर 100.1 अरब डॉलर हो गई है।
100 अरब डॉलर की संपति वाले अरबपतियों की सूची-
रैंक नाम कुल संपत्ति (डॉलर में) स्रोत
1. एलन मस्क 222 अरब टेस्ला, स्पेस एक्स
2. जेफ बेजोस 191 अरब अमेजन
3. बर्नार्ड अर्नाट 156 अरब LVMH
4. बिल गेट्स 128 अरब माइक्रोसॉफ्ट
5. लैरी पेज 125 अरब गूगल
6. मार्क जुकरबर्ग 123 अरब फेसबुक
7. सर्जी ब्रिन 120 अरब गूगल
8. लैरी एलिसन 108 अरब ऑरेकल
9. स्टीव वाल्मर 106 अरब माइक्रोसॉफ्ट
10. वॉरेन बफेट 103 अरब बर्कशायर हैथवे
11. मुकेश अंबानी 100.6 अरब रिलायंस
शुक्रवार को रिलायंस के शेयर में आई बढ़त
शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) का शेयर 98.70 अंकों यानी 3.84 फीसदी के उछाल के साथ 2670.85 पर बंद हुआ। कंपनी का बाजार पूंजीकरण (बाजार हैसियत) 16,93,170.17 करोड़ रुपये हो गया है। एनएसई पर यह 96.80 अंकों यानी 3.76 फीसदी के उछाल के साथ 2,669.20 पर बंद हुआ। अगले हफ्ते रिलायंस का बाजार पूंजीकरण 17 लाख करोड़ रुपये का स्तर छू सकता है।
हाल ही में फोर्ब्स ने भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची जारी की थी। 2021 में रिलायंस एंटरप्राइजेज के मालिक मुकेश अंबानी लगातार 14वें साल भारत के सबसे रईस शख्स बने रहे। साल 2008 से वे इस मुकाम पर हैं।