देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में दिल्ली की निर्भया जैसी घटना सामने आने के बाद से हड़कंप मंचा हुआ था। पुलिस प्रशासन ने मौके पर एक्शन लेते हुए महिला को राजवाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। पीड़ता का इलाज करने के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मुंबई के साकीनाका में एक युवती के साथ रेप हुआ था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। जिसकी वजह से युवती की हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। दूसरी तरफ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुंबई की निर्भया के साथ दरिंदगी
मुंबई की निर्भया चीखती है, चिल्लाती है लेकिन मायानगरी के कानों में जूं तक नहीं रेंगती है। दिल दहलाने वाली इस वारदात ने 16 दिसंबर 2012 की काली रात की याद ताजा कर दी है। जब दिल्ली में चलती बस के अंदर निर्भया की रूह तार-तार की जा रही थी तब पूरा देश उबल रहा था।
पीड़िता के साथ की गई मारपीट
बता दें कि मुंबई के साकीनाका इलाके में 30 साल की एक महिला के साथ दरिंदगी हुई है। सड़क किनारे खड़े एक ऑटो में उसके साथ रेप किया गया। इसके बाद बुरी तरह से उसे पीट-पीट कर अधमरा कर दिया गया। इस दौरान आरोपी ने ऐसी हैवानियत की जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। पीड़ित महिला के शरीर के इंटरनल पार्ट्स में इंजरी है, पुलिस को शक है कि आरोपी ने पीड़िता के प्राइवेट पार्ट में रॉड घुसाई है। महिला का ऑपरेशन किया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी मोहन चौहान के खिलाफ आईपीसी की 307, 376, 323 और 504 धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।