नई दिल्ली: मेडिकल की पढ़ाई का सपना देख रहे NEET-UG 2026 अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने MBBS, BDS और अन्य स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑल इंडिया कोटा (AIQ) काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके मुताबिक, पहले चरण की काउंसलिंग 4 अगस्त से शुरू होगी, जबकि 2026-27 शैक्षणिक सत्र 8 सितंबर से शुरू किया जाएगा।
एमसीसी के अनुसार, ऑल इंडिया कोटा, डीम्ड और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए राउंड-1 की काउंसलिंग 4 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगी। इस चरण में सीट पाने वाले अभ्यर्थियों को 22 अगस्त तक संबंधित कॉलेज में रिपोर्टिंग करनी होगी। इसके बाद राउंड-2 की काउंसलिंग 24 अगस्त से 2 सितंबर, राउंड-3 की काउंसलिंग 10 सितंबर से 18 सितंबर तक आयोजित होगी। वहीं, स्ट्रे वैकेंसी राउंड 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा और 10 अक्टूबर एडमिशन की अंतिम तिथि तय की गई है।
स्टेट कोटा का शेड्यूल भी जारी
स्टेट कोटा सीटों के लिए पहला चरण 13 अगस्त से 22 अगस्त तक आयोजित होगा। चयनित उम्मीदवारों को 28 अगस्त तक प्रवेश लेना होगा। इसके बाद दूसरा चरण 31 अगस्त से 8 सितंबर, तीसरा चरण 16 सितंबर से 26 सितंबर और स्ट्रे वैकेंसी राउंड 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक चलेगा। एमसीसी ने स्पष्ट किया है कि 8 सितंबर से देशभर के मेडिकल कॉलेजों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाएगा। हालांकि, खाली सीटों को भरने के लिए बाद के काउंसलिंग राउंड निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगे। समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के लिए शनिवार, रविवार और राजपत्रित अवकाश को भी कार्य दिवस माना जाएगा।
काउंसलिंग प्रक्रिया में हुए बड़े बदलाव
इस वर्ष एमसीसी ने काउंसलिंग को अधिक पारदर्शी और छात्र-अनुकूल बनाने के लिए कई अहम बदलाव किए हैं।
- अपग्रेडेशन चुनने वाले छात्रों को दोबारा फिजिकल रिपोर्टिंग नहीं करनी होगी। उनकी सीट सिस्टम में सुरक्षित रहेगी।
- ऑनलाइन इस्तीफे (Online Resignation) की सुविधा शुरू की गई है, जिससे उम्मीदवार एमसीसी पोर्टल के माध्यम से निर्धारित नियमों के तहत आवेदन कर सकेंगे।
- डीम्ड यूनिवर्सिटी के NRI कोटे के अभ्यर्थी अब अपने आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे।
एमसीसी का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और छात्रों के लिए सुविधाजनक बनाना है।




