नई दिल्ली: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफे की चर्चाओं के बीच शहजाद पूनावाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूरी तरह निराश हूं। 12 साल हो गए, लेकिन वह तानाशाह भी नहीं बन पाए।” अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में पूनावाला ने हाल ही में सामने आए उस मामले का जिक्र किया, जिसमें कुछ बच्चों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने बच्चों को “शरारती” बताते हुए उन्हें माफ करने की बात कही और समाज व पुलिस से भी नरमी बरतने की अपील की।
राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना
इसके बाद पूनावाला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के इतिहास पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि किसी को “तानाशाही” सीखनी है तो कांग्रेस के इतिहास और आपातकाल (Emergency) को देखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट करने वालों पर केस दर्ज किए गए और कांग्रेस के शासनकाल में विरोध करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होती रही। पूनावाला ने तंज कसते हुए कहा, “12 साल हो गए, लेकिन मोदी जी तानाशाह नहीं बन पाए। लेफ्ट-लिबरल्स की सारी उम्मीदों पर पानी फिर गया। शहजाद पूनावाला का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब उनके बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा देने की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
कांग्रेस से बीजेपी तक का सफर
शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 2008 में कांग्रेस से की थी। उन्होंने NSUI, महाराष्ट्र कांग्रेस और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की मीडिया टीम में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाने और राहुल गांधी की ताजपोशी को लेकर सार्वजनिक रूप से विरोध जताने के बाद उनका कांग्रेस से विवाद बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी और बाद में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए।




