मुंबई। एनआईए को एक शख्स का मेल मिला है, जिसमें दावा किया गया है कि वह तालिबानी सदस्य है और मुंबई में आतंकी हमले को अंजाम देने वाला है। सूत्रों के मुताबिक, एनआईए ने मुंबई पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया, जिसके बाद महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों को अलर्ट पर रखा गया है। मुंबई पुलिस के सूत्रों ने कहा, ‘खतरा मेल भेजने वाले ने खुद को तालिबानी बताया। उसने कहा कि मुंबई में आतंकी हमला होगा।
इस खबर के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट के मोड में आ गई हैं। दूसरी एजेंसियों के साथ-साथ मुंबई पुलिस धमकी भरे मेल की जांच में जुट गई है।
खुद को तालिबानी बतानेवाले शख्स ने दावा किया कि तालिबान के बड़े नेता सिराजुद्दीन हक्कानी के आदेश पर यह हमला होनेवाला है। इस मेल के बाद दूसरी एजेंसियों के साथ-साथ मुंबई भी जांच में जुट गई है। एनाईए की तरफ से इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गई हैं। मुंबई पुलिस ने भी सार्वजनिक जगहों, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन समेत महत्वपूर्ण जगहों की सुरक्षा कड़ी कर दी है।




