National

ओडिशा ट्रेन हादसा: गिरफ्तार तीनों रेलवे अधिकारियों से सीबीआई की पूछताछ जारी

नई दिल्ली। ओडिशा ट्रेन हादसे के मामले में गिरफ्तार तीन रेलवे अधिकारियों से सीबीआई ने पूछताछ शुरू कर दी है। सीबीआई ने शुक्रवार शाम को सीनियर सेक्शन इंजीनियर (सिग्नल) अरुण कुमार मोहंता, सेक्शन इंजीनियर (सिग्नल) मोहम्मद अमीर खान और टेक्नीशियन पप्पू कुमार को आईपीसी की धारा 304, 201 और रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 153 के तहत गिरफ्तार किया था।

सीबीआई गिरफ्तारी के बाद तीनों को भुवनेश्वर ले आई और उनके स्वास्थ्य जांच के बाद सीबीआई अदालत में पेश किया गया। गिरफ्तार सभी अधिकारियों से पूछताछ के लिए सीबीआई को पांच दिन की रिमांड मिली है।

सूत्रों ने बताया कि अब गिरफ्तार अधिकारियों से सीबीआई की एक विशेष टीम भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में एक पुलिस स्टेशन में पूछताछ कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय रेल मंत्रालय के अनुरोध, ओडिशा सरकार की सहमति और त्रासदी से संबंधित कार्मिक तथा प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के आदेशों के बाद सीबीआई ने 6 जून को तत्काल मामला दर्ज किया था।

बता दें कि 2 जून को बहनागा बाजार रेलवे स्टेशन के पास एक दुखद दुर्घटना में चेन्नई जाने वाली कोरोमंडल एक्सप्रेस, हावड़ा जाने वाली एसएमवीपी-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 293 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा इस हादसे में 1,000 से अधिक अन्य लोग घायल हुए थे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH