समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले में सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए घटना की निंदा की है और इसके लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर ही सवाल उठाए हैं। ओम प्रकाश राजभर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि अदिति यादव के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि अदिति उनकी भी बेटी के समान हैं और इस तरह की अभद्र टिप्पणी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकती।
‘सपाइयों को अपने गिरेबान में झांकने की जरूरत’
राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा, “अदिति यादव मेरी भी बेटी है। उनके खिलाफ जिसने भी आपत्तिजनक पोस्ट किया है, उसने बेहद निंदनीय काम किया है। लेकिन यह समय अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के नेताओं के लिए भी आत्ममंथन का है।” उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के कुछ समर्थक और कार्यकर्ता अक्सर सामाजिक, जातीय और व्यक्तिगत आधार पर विरोधियों को निशाना बनाते रहे हैं। राजभर ने कहा कि वह स्वयं भी ऐसे हमलों का सामना कर चुके हैं और सोशल मीडिया पर उनके तथा उनके परिवार के खिलाफ लगातार अभद्र टिप्पणियां की जाती रही हैं।
‘गारंटी से कह सकता हूं, आरोपी भी सपाई ही निकलेगा’
राजभर ने दावा करते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि अदिति यादव के खिलाफ की गई इस कथित आपत्तिजनक पोस्ट के पीछे भी समाजवादी पार्टी से जुड़ा कोई व्यक्ति ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीतिक संस्कृति और भाषा का इस्तेमाल लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। सुभासपा प्रमुख ने अपने बयान में समाजवादी पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं के पुराने बयानों का भी जिक्र किया और महिला सम्मान के मुद्दे पर पार्टी को घेरने की कोशिश की।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दर्ज हुई FIR
दरअसल, आरोप है कि 9 जून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारत कुमार पटेल नामक एक अकाउंट से अदिति यादव को लेकर आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट साझा की गई थी। पोस्ट में कथित तौर पर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की गई और एक संपादित तस्वीर भी साझा की गई थी। इस मामले में कानपुर के साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण यादव की ओर से दर्ज कराई गई है। एफआईआर के अनुसार, भारत कुमार पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद कुमार यादव को नामजद किया गया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 और 336(4) के साथ-साथ आईटी एक्ट की धारा 66E के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट की सत्यता तथा संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।




