EntertainmentNationalTop News

राजनाथ ने याद दिलाया ऑपरेशन सिंदूर तो तिलमिलाया पाकिस्तान, ख्वाजा आसिफ बोले- अबकी बार निर्णायक जवाब देंगे

नई दिल्ली। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार फिर भारत को गीदड़भभकी दी है। उन्होंने कहा है कि यदि भारत की ओर से भविष्य में किसी भी तरह की कार्रवाई की जाती है, तो पाकिस्तान उसका “निर्णायक जवाब” देगा। आसिफ का यह बयान पहलगाम आतंकी हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली बरसी से ठीक पहले सामने आया है।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में ख्वाजा आसिफ ने कहा, “इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि पाकिस्तान शांति और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन अपनी रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। अगली बार हमारा जवाब निर्णायक होगा।” ख्वाजा आसिफ का ये बयान राजनाथ सिंह के बयान के बाद आया है।

क्या कहा था राजनाथ सिंह ने

तिरुवनंतपुरम में आयोजित ‘सैनिक सम्मान सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर चलता है और जरूरत पड़ने पर सीमा के इस पार और उस पार दोनों तरफ कार्रवाई करने में सक्षम है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि चाहे उरी हमले के बाद की सर्जिकल स्ट्राइक हो, पुलवामा के बाद की एयर स्ट्राइक या फिर पहलगाम हमले के बाद किया गया ‘ऑपरेशन सिंदूर’, भारत ने हर बार आतंकवाद के खिलाफ कड़ा जवाब दिया है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सेना ने महज 22 मिनट में पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था। उन्होंने चेतावनी दी कि यह ऑपरेशन अभी समाप्त नहीं हुआ है और यदि सीमा पार से कोई भी नापाक हरकत होती है, तो उसका न सिर्फ मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा, बल्कि अभूतपूर्व कार्रवाई भी की जाएगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH