Regional

नैनीताल में विधायक के बेटे को हनक दिखाना पड़ा भारी, SDM से सीज करवाई फॉर्च्यूनर

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में वीआईपी रौब दिखाना यूपी के विधायक के बेटे को महंगा पड़ गया। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और प्रशासनिक अधिकारी से बहस के बाद उसकी फॉर्च्यूनर कार को सीज कर दिया गया।

माल रोड पर हूटर बजाकर मचाया हंगामा

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की जहानाबाद सीट से बीजेपी विधायक राजेंद्र पटेल का बेटा परिवार के साथ नैनीताल घूमने आया था। इसी दौरान माल रोड पर जाम लगा हुआ था, जहां उसने बिना किसी आपात स्थिति के लगातार कार का हूटर बजाना शुरू कर दिया। इससे वहां मौजूद लोग भी परेशान हो गए।

SDM ने रोका तो शुरू हो गई बहस

मौके पर मौजूद एसडीएम की नजर जब इस पर पड़ी तो उन्होंने गाड़ी रुकवाकर हूटर बजाने की वजह पूछी। आरोप है कि युवक ने गलती मानने के बजाय बहस शुरू कर दी और कथित तौर पर मुख्यमंत्री का नाम लेकर दबाव बनाने की कोशिश की।

दस्तावेज नहीं मिले, तुरंत हुई कार्रवाई

मामला बढ़ता देख एसडीएम ने पुलिस को मौके पर बुलाया। जांच में वाहन के जरूरी कागजात मौके पर नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालान काटा और फॉर्च्यूनर कार को सीज कर दिया।

अब लग रहे दफ्तरों के चक्कर

घटना के बाद वही युवक, जो कुछ देर पहले सड़क पर रसूख दिखा रहा था, अब अपनी गाड़ी छुड़वाने के लिए प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काटता नजर आ रहा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH