पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जानकारी दी है कि TRE-4 के तहत 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग ने अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है। इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की दिशा में बड़ा कदम उठ गया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने इसे बिहार के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल बताया।
किस कक्षा में कितने पद?
TRE-4 के तहत भेजी गई अधियाचना के अनुसार कुल 32,388 पदों का वर्गवार विवरण इस प्रकार है—
कक्षा 1 से 5: 3,847 पद
कक्षा 6 से 8: 8,563 पद
कक्षा 9 से 10: 3,877 पद
कक्षा 11 से 12: 16,101 पद
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि इस भर्ती में उच्च माध्यमिक (11वीं-12वीं) स्तर पर सबसे अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
जल्द जारी हो सकता है भर्ती कैलेंडर
शिक्षा विभाग की ओर से अधियाचना भेजे जाने के बाद अब अभ्यर्थियों की निगाहें BPSC की आधिकारिक अधिसूचना पर टिकी हैं। उम्मीद है कि आयोग जल्द ही भर्ती का विस्तृत कार्यक्रम, ऑनलाइन आवेदन की तिथि और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी करेगा। हालांकि, फिलहाल आवेदन की तारीखों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर कर विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा और रोजगार, दोनों क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है।




