मुंबईः बॉलीवुड में अपने अभिनय से सभी को दीवाना बनाने वाले मशहूर अभिनेता राजकुमार राव ने अपने नए प्रोजेक्ट की घोषणा सोशल मीडिया पर की हैं। उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए जानी-मानी निर्देशक जोड़ी राज एंड डीके के साथ हाथ मिलाया है। राजकुमार ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल के माध्यम से निर्देशकों के साथ एक तस्वीर को साझा किया है। इस तस्वीर में वे तीनों एक दूसरे के साथ गले मिलते हुए कैमरे की तरफ देखकर हंस रहे हैं।
राजकुमार ने इस तस्वीर को साझा करते हुए लिखा,”एक रोमांचक शुरुआत। मैं इस टैलेंटिड जोड़ी के साथ काम करने के लिए बहुत रोमांचित महसूस कर रहा हूं। अधिक जानकारी के लिए बने रहिए मेरे साथ।”
भूमि पेडनेकर ने किया दिलचस्प कमेंट
राजकुमार के पोस्ट साझा करते ही इसपर कमेंट्स होने लगे। भूमि पेडनेकर ने भी कमेंट कर लिखा, वाह क्या बढ़िया कोलैबोरेशन है। इंतजार नहीं कर पा रही हूं।” अपारशक्ति खुराना ने भी हार्ट इमोजी के साथ इसपर कमेंट किया। भूमि और राजकुमार राव पहली बार अपनी आने वाली फिल्म ‘बधाई दो’ में साथ नजर आएंगे। दर्शक इस जोड़ी को भी साथ देखने के लिए बहुत उत्सुक हैं।