SportsTop News

गुजरात टाइटंस को रौंदकर फाइनल में पहुंची RCB, खिताब से सिर्फ एक कदम दूर

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 92 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही RCB की टीम पांचवीं बार आईपीएल फाइनल में पहुंचने में सफल रही। अब टीम लगातार दूसरे खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है। 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में RCB का सामना क्वालिफायर-2 की विजेता टीम से होगा।

आईपीएल फाइनल में कैसा रहा है RCB का सफर?

RCB ने अब तक आईपीएल में चार फाइनल खेले हैं, जिनमें से टीम सिर्फ एक बार चैंपियन बनने में सफल रही है। टीम पहली बार 2009 में फाइनल में पहुंची थी, जहां उसे डेक्कन चार्जेर्स के खिलाफ हार झेलनी पड़ी। इसके बाद 2011 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स ने RCB को 58 रन से हराया था। वहीं 2016 के फाइनल में हैदराबाद ने बेंगलुरु को 8 रन से मात दी थी। इसके बाद 2025 में RCB ने पहली बार ट्रॉफी जीतकर अपने खिताबी सूखे को खत्म किया था।

कप्तान रजत पाटीदार का तूफानी शो

क्वालिफायर-1 में RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों पर नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 5 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। इस शानदार प्रदर्शन के साथ पाटीदार आईपीएल प्लेऑफ इतिहास में कप्तान के रूप में संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने David Warner के रिकॉर्ड की बराबरी की।

मैच का पूरा हाल

पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 5 विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम 162 रन पर सिमट गई। GT की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही और टीम के सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। राहुल ने गुजरात के लिए सबसे ज्यादा 68 रन बनाए। उन्होंने 43 गेंदों की पारी में 8 चौके और 4 छक्के लगाए, लेकिन उनकी यह पारी टीम को हार से नहीं बचा सकी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH