लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उनका कई महीनों से डिप्रेशन का इलाज चल रहा था। मौत से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट भी लिखा जिसमें उन्होंने ये कदम उठाने की वजह बताई है।
लखनऊ के गोमती नगर के विशाल खंड में रिटायर्ड आईपीएस दिनेश कुमार शर्मा अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि मैं इनजाइटी से परेशान हूं। मैं अपनी ताकत और हेल्थ को खो रहा हूं इसलिए मैं आत्महत्या कर रहा हूँ। इसके लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।’ पुलिस ने घर के उस कमरे को सील कर दिया है, जिसमें रिटायर्ड आईपीएस डीके शर्मा का शव मिला है। फरेंसिक और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर रहे है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह 7.15 बजे पुलिस को डीके शर्मा के आत्महत्या की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे कार्रवाई कर रही है। सुबह के वक्त दिनेश कुमार शर्मा के कमरे से अचानक गोली चलने की तेज आवाज सामने आई। इसके बाद परिजन उनके कमरे में पहुंचे, जहां उन्हें खून से लथपथ पाया गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।




