बिहार की राजनीति में ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान या चुनावी गतिविधि नहीं, बल्कि उनके घर होने वाली शादी है। अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने जा रही है। शादी को लेकर परिवार में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस समारोह को भव्य बनाने की तैयारी है। इसी बीच शादी का निमंत्रण कार्ड सामने आने के बाद होने वाले दूल्हे ऋषिकेश कुमार को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
कौन हैं अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार?
शादी के निमंत्रण कार्ड में दूल्हे का नाम ऋषिकेश कुमार बताया गया है। कार्ड पर दी गई जानकारी के मुताबिक, ऋषिकेश ने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है। वह मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और उनका परिवार बिहटा के कृष्णा नगर में रहता है। बताया जा रहा है कि ऋषिकेश पिछले करीब 10 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं। उनके पिता रणविजय सिंह कमांडेंट हैं। ऋषिकेश ने उच्च शिक्षा अमेरिका से हासिल की और फिलहाल वहीं नौकरी कर रहे हैं। हालांकि, उनके पेशे और कंपनी से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं हुई है।
कौन हैं शिवांगी सिंह? अमेरिका में पढ़ाई करने वाले ऋषिकेश से होगी शादी
अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी की छोटी बेटी शिवांगी सिंह अब तक सार्वजनिक और राजनीतिक गतिविधियों से दूर रही हैं। यही वजह है कि उनकी शादी की खबर सामने आने के बाद लोग उनके बारे में भी जानना चाहते हैं। शादी के कार्ड में दी गई जानकारी के अनुसार, शिवांगी ने ग्रेजुएशन के साथ मास्टर्स की पढ़ाई भी पूरी की है। अब उनकी शादी ऋषिकेश कुमार के साथ होने जा रही है। इस रिश्ते को लेकर दोनों परिवारों में उत्साह का माहौल है।
दामाद को शादी में गिफ्ट करेंगे लग्जरी डिफेंडर कार
अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। इसी बीच उनके होने वाले दामाद के लिए खास तोहफे की चर्चा भी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह ऋषिकेश कुमार को लग्जरी डिफेंडर कार भेंट करने वाले हैं। इस गाड़ी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
शादी में PM मोदी से लेकर लालू यादव तक को न्योता
शिवांगी की शादी का समारोह राजनीतिक और फिल्मी जगत की कई बड़ी हस्तियों की मौजूदगी के कारण भी खास रहने वाला है। निमंत्रण सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव समेत कई दिग्गज नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की हस्तियों को भी शादी में आमंत्रित किए जाने की जानकारी है। खास बात यह है कि अनंत सिंह खुद कई बड़े नेताओं के घर पहुंचकर उन्हें शादी का निमंत्रण दे रहे हैं। इसी सिलसिले में वह पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से मिलने उनके आवास पहुंचे और उन्हें बेटी की शादी का कार्ड सौंपा। 25 नवंबर को नदावां गांव में होने वाली इस शादी पर अब सभी की निगाहें टिकी हैं। मेहमानों की लंबी सूची, राजनीतिक हस्तियों को न्योता और शाही तैयारियों के चलते यह समारोह बिहार में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।




