Top NewsUttar Pradesh

सदन में हंगामे के बीच भावुक हुए सतीश महाना, विधायकों से की मर्यादा बनाए रखने की अपील

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का बुधवार को तीसरा दिन भी हंगामे के साथ शुरू हुआ। मंगलवार को पेश किए गए 59,019 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट पर आज सदन में चर्चा होनी है। हालांकि, कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायकों ने दानपात्र और पोस्टर लेकर विधानसभा परिसर और सदन में प्रदर्शन किया। विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया, जिससे सदन का माहौल फिर से गर्म हो गया।

मंगलवार को भी हुआ था जोरदार हंगामा

मंगलवार को भी विपक्ष के भारी हंगामे और शोर-शराबे के कारण विधानसभा की कार्यवाही बाधित रही थी। इस दौरान समाजवादी पार्टी के विधायक सचिन यादव ने सदन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर लहराई थी। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उन्हें पूरे मानसून सत्र के लिए सदन से निष्कासित कर दिया।

स्पीकर बोले- मेरी राजनीतिक पारी अंतिम चरण में

सतीश महाना ने सदन में विपक्ष के व्यवहार पर दुख जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि सचिन यादव जैसे पढ़े-लिखे विधायक संसदीय मर्यादाओं का पालन करेंगे, लेकिन उनका आचरण निराशाजनक रहा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मेरी राजनीतिक पारी अंतिम चरण में है। कभी-कभी मुझे लगता है कि मैं इस कुर्सी के योग्य हूं या नहीं, इस पर भी विचार करना पड़ता है।” उन्होंने सभी सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखने और संसदीय भाषा एवं आचरण का पालन करने की अपील की। आज भी विपक्ष के विरोध के बीच सदन में अनुपूरक बजट पर चर्चा होने की संभावना है, जबकि सरकार और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर तीखी बहस के आसार बने हुए हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH