Top NewsUttar Pradesh

गोरखपुर में सांप-बिच्छू गैंग का भंडाफोड़, 36 महिलाओं समेत 41 आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पुलिस ने शातिर तरीके से चेन स्नैचिंग करने वाले कुख्यात “सांप-बिच्छू गैंग” का खुलासा किया है। इस गिरोह के मुख्य आरोपी सहित कुल 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 36 महिलाएं, 4 पुरुष और एक बाल अपचारी शामिल है। यह गैंग यूपी के 11 जिलों में सक्रिय था और बस व ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाता था।

कैंट और रामगढ़ताल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह को पकड़ा गया। कैंट पुलिस ने 7 आरोपियों को, जबकि रामगढ़ताल पुलिस ने 33 महिलाओं और एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना विष्णु है, जिसे 1 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। सख्त पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह की महिलाएं सामान्य सवारी बनकर बस और ऑटो में चढ़ती थीं। मौका मिलते ही वे अकेली महिलाओं पर नकली सांप, बिच्छू या छिपकली फेंककर दहशत पैदा करती थीं। डर और अफरातफरी के बीच पलक झपकते ही गले से चेन, जेवरात या बैग चुरा लेती थीं। कई मामलों में वे सेफ्टी पिन या नुकीली चीज चुभाकर ध्यान भटकाती थीं और उसी पल वारदात को अंजाम देती थीं।

गिरोह में शामिल महिलाएं जौनपुर, बलिया, सिद्धार्थनगर समेत प्रदेश के 11 जिलों से थीं। इनकी उम्र 20 से 50 साल के बीच बताई जा रही है। ज्यादातर महिलाएं साड़ी पहनती थीं और सामान्य हुलिए में होने के कारण किसी को उन पर शक नहीं होता था। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह धार्मिक और पर्यटक स्थलों के आसपास, साथ ही भीड़-भाड़ वाले इलाकों में ज्यादा सक्रिय रहता था।

पुलिस ने बताया कि गिरोह तीन तरीकों से वारदात करता था। पहले तरीके में नकली सांप, बिच्छू या छिपकली फेंककर लूट की जाती थी। दूसरे तरीके में बुजुर्ग महिलाओं को बातचीत में उलझाकर या गंतव्य तक छोड़ने का झांसा देकर गहने उतरवा लिए जाते थे। तीसरे तरीके में सेफ्टी पिन, छोटे चाकू या कैंची जैसी नुकीली चीज से ध्यान भटकाकर चेन छीनी जाती थी।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से नकली सांप-बिच्छू, सेफ्टी पिन, छोटे चाकू, कैंची, प्लास्टिक की रस्सी और एक कार बरामद की गई है। पुलिस सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और अन्य वारदातों से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं।

सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि नए साल के मौके पर टप्पेबाजी और चेन स्नैचिंग की सूचना मिलने के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया था। सतर्कता के चलते रामगढ़ताल और कैंट पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर 41 लोगों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH