आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम के ऐलान के साथ ही चयन को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। BCCI ने टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को न सिर्फ कप्तानी से हटाया, बल्कि टीम में भी जगह नहीं दी। उनकी जगह श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है। इस फैसले पर क्रिकेट जगत में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पूर्व भारतीय स्पिनर Ravichandran Ashwin ने भी इस फैसले पर सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि खराब फॉर्म के बावजूद सूर्यकुमार यादव को इंग्लैंड दौरे पर खुद को साबित करने का एक और मौका मिलना चाहिए था।
एक क्रिकेट शो में बातचीत के दौरान अश्विन ने कहा कि अगर वह खुद को सूर्यकुमार यादव की जगह रखकर देखें, तो यह फैसला चौंकाने वाला लगता है। उन्होंने कहा, “मान लिया कि पिछले कुछ महीनों से उनका बल्ला नहीं चला, लेकिन बतौर कप्तान उन्होंने भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताया। कप्तानी के स्तर पर उनका प्रदर्शन शानदार रहा।” अश्विन ने यह भी कहा कि चयनकर्ताओं को सूर्यकुमार से साफ तौर पर कहना चाहिए था कि इंग्लैंड दौरे पर प्रदर्शन नहीं करने पर उन्हें बाहर किया जा सकता है। उनके मुताबिक किसी खिलाड़ी को बिना अंतिम मौका दिए बाहर करना सही संदेश नहीं देता।
टी20 वर्ल्ड कप के बाद आईपीएल 2026 में भी सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए 270 रन बनाए, लेकिन लगातार बड़ी पारियां खेलने में सफल नहीं हो सके। वहीं, श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाए जाने पर भी अश्विन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने माना कि अय्यर ने आईपीएल में कप्तान के तौर पर अच्छा प्रदर्शन किया है। उनकी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स चैंपियन बनी, जबकि पंजाब किंग्स फाइनल तक पहुंची। इसके बावजूद अश्विन का कहना है कि जिस खिलाड़ी को हालिया टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में जगह नहीं मिली, उसे सीधे कप्तान बनाना कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा, “जब श्रेयस अय्यर को टी20 वर्ल्ड कप टीम में नहीं चुना गया था, तब भी इस फैसले पर चर्चा हुई थी। लेकिन अब सीधे उन्हें कप्तान बना देना बाकी खिलाड़ियों के मन में सवाल पैदा कर सकता है।” अब भारतीय टीम के नए नेतृत्व और आगामी टी20 सीरीज में प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी हैं। देखना होगा कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया किस तरह आगे बढ़ती है।



