SportsTop News

अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, ODI टीम से ऋषभ पंत बाहर, केएल राहुल बने टेस्ट उपकप्तान

भारत में इस समय IPL 2026 का रोमांच चरम पर है और 31 मई को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम जून में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और ODI सीरीज में मैदान पर उतरेगी। इस सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान कर दिया है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच एक टेस्ट मैच और तीन मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी। 19 मई को गुवाहाटी में मेन्स सिलेक्शन कमेटी की बैठक हुई, जिसमें दोनों फॉर्मेट के लिए भारतीय टीम का चयन किया गया। एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेला जाएगा, जिसके लिए 14 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित की गई है। ODI सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी हुई है, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को टीम से बाहर रखा गया है। वहीं टेस्ट टीम की उपकप्तानी अब केएल राहुल को सौंपी गई है। इससे पहले यह जिम्मेदारी ऋषभ पंत निभा रहे थे।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी सीरीज से आराम दिया गया है, ताकि इंग्लैंड दौरे से पहले उनका वर्कलोड मैनेज किया जा सके। चयनकर्ताओं ने इस दौरे के लिए कई नए खिलाड़ियों को मौका दिया है। मानव सुथार को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है, जबकि गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे दोनों फॉर्मेट की टीम में शामिल किए गए हैं। वहीं प्रिंस यादव को पहली बार ODI टीम में चुना गया है।

गौरतलब है कि 2018 के बाद यह अफगानिस्तान का भारत के खिलाफ पहला टेस्ट मैच होगा। साल 2018 में बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अफगानिस्तान ने अपना पहला आधिकारिक टेस्ट मैच खेला था, जिसमें भारत ने एक पारी और 262 रनों से जीत दर्ज की थी।

अफगानिस्तान के भारत दौरे का कार्यक्रम

6 जून – पहला टेस्ट, न्यू चंडीगढ़ (सुबह 9:30 बजे)
14 जून – पहला ODI, धर्मशाला (दोपहर 1:30 बजे)
17 जून – दूसरा ODI, लखनऊ (दोपहर 1:30 बजे)
20 जून – तीसरा ODI, चेन्नई (दोपहर 1:30 बजे)

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट टीम

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।

अफगानिस्तान के खिलाफ ODI टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH