International

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकी हमला, छह मजदूरों की मौत

नई दिल्ली। पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात आतंकवादियों ने शुक्रवार को एक पुलिस थाने के निर्माण स्थल पर हमला कर दिया। आतंकियों की गोलीबारी में छह मजदूरों की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि घटना दक्षिण वजीरिस्तान के जनजातीय जिले वाना में हुई। उसने बताया कि आतंकवादियों ने उस वक्त मजदूरों पर हमला किया जब वे अपने तंबू में थे। दक्षिण वजीरिस्तान के जिला पुलिस अधिकारी फरमानुल्लाह ने घटना की पुष्टि की और कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले जांच कर रही है। फिलहाल, किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। इसी जिले में अगस्त महीने में हुए एक आतंकी हमले में कम से कम 11 मजदूरों की मौत हो गई थी।

इससे पहले पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को एक थाने पर आतंकवादियों ने जोरदार हमला किया था। इस हमले में कम से कम 6 सुरक्षाकर्मी मारे गए। वहीं 16 के करीब लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आत्मघाती हमलावरों ने दक्षिण वजीरिस्तान कबायली जिले की सीमा से लगे अशांत डेरा इस्माइल खान जिले में दरबान थाने पर हमला किया। आतंकवादियों ने विस्फोटकों से लदे वाहन से थाने की इमारत में टक्कर मार दी और फिर मोर्टार से हमला किया। पुलिस ने कहा कि हमले के बाद सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच गोलीबारी में कम से कम छह सुरक्षाकर्मी मारे गए और 16 घायल हो गए।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH