RegionalTop News

बिहार सरकार ने आकाश दीप और मुकेश कुमार को बनाया DSP, लेकिन नौकरी के साथ रखी 5 साल की खास शर्त

पटना: बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार को बिहार पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर सीधी नियुक्ति दी गई है। दोनों खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नियुक्ति पत्र सौंपा। हालांकि, गृह विभाग ने इस नियुक्ति के साथ एक विशेष शर्त भी तय की है।

5 साल तक खेलना होगा क्रिकेट

गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों को पांच वर्ष का बॉन्ड भरना होगा। इसके तहत उन्हें अगले पांच वर्षों तक सक्रिय खिलाड़ी के रूप में क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भाग लेना अनिवार्य होगा। यदि वे इस शर्त का पालन नहीं करते हैं, तो उनकी डीएसपी पद पर नियुक्ति के स्थायीकरण (कन्फर्मेशन) पर असर पड़ सकता है।

DSP पद पर मिलेंगी ये सुविधाएं

दोनों खिलाड़ियों की नियुक्ति पे-लेवल-9 (ग्रेड पे 5400 रुपये) के तहत की गई है। उन्हें 53,100 रुपये प्रतिमाह शुरुआती मूल वेतन मिलेगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), यात्रा भत्ता (TA), आवश्यकता होने पर सरकारी आवास, वाहन, चालक और चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सेवा अवधि के दौरान उन्हें नई पेंशन योजना (NPS) का लाभ भी मिलेगा।

आकाश दीप का प्रदर्शन

सासाराम के तेज गेंदबाज आकाश दीप अब तक भारत के लिए 10 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 28 विकेट लिए हैं। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी 14 मैचों में 10 विकेट अपने नाम किए हैं।

तीनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं मुकेश कुमार

गोपालगंज के रहने वाले मुकेश कुमार भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों प्रारूपों में खेल चुके हैं। उन्होंने 3 टेस्ट मैचों में 7 विकेट, 6 वनडे में 5 विकेट और 17 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 20 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, IPL में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 42 मैचों में 42 विकेट लिए हैं। बिहार सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH